Welcome to MP Daily Live   Click to listen highlighted text! Welcome to MP Daily Live
Uncategorized

संस्कृति राज्यमंत्री श्री लोधी ने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री श्री पवार के निधन पर

 दुख व्यक्त किया

दमोह : प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजीत पवार के निधन पर गहन दुःख व्यक्त किया है। मंत्री श्री लोधी ने अपने एक्स अकाउंट से लिखा महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एवं NCP प्रमुख श्री अजीत पवार जी सहित 5 लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है।

            उन्होंने कहा श्री अजीत पवार जी ने लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में रहकर महाराष्ट्र की राजनीति और प्रशासन को दिशा देने का कार्य किया। उनका जाना संपूर्ण राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों एवं समर्थकों को यह गहन दुःख सहने की शक्ति दें।

जिले के विकास में महिलाओं की  अहम भूमिका -कलेक्टर श्री कोचर

दमोह  स्काई सोशल संस्था, मध्य प्रदेश महिला आयोग एवं जिला प्रशासन दमोह की साझेदारी में क्रियान्वित किए जा रहे “साहस – जेंडर जस्टिस लैब” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रशिक्षण सत्र में कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर ने सहभागिता की। इस प्रशिक्षण सत्र में दमोह एवं जबेरा ब्लॉक से आई लगभग 300 से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया।

            कलेक्टर श्री कोचर ने महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें मार्गदर्शन दिया, प्रेरित किया तथा यह विश्वास दिलाया कि यदि महिलाएँ अपने हक और अधिकारों के लिए साहस के साथ आगे आती हैं, तो पूरा जिला प्रशासन उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने जिले के विकास में महिलाओं की भूमिका, महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आत्मविश्वास और सक्रिय भागीदारी ही एक सुरक्षित, न्यायपूर्ण और समावेशी समाज की नींव है।

            कलेक्टर श्री कोचर ने “साहस – जेंडर जस्टिस लैब” जैसे प्रयासों की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि जिले में महिला सुरक्षा, जेंडर न्याय और अधिकारों तक पहुँच से जुड़े इस कार्यक्रम में स्काई सोशल संस्था को जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों का निरंतर और सकारात्मक सहयोग प्राप्त होता रहेगा।

कलेक्टर श्री कोचर ने पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमोह में  छात्राओं से परीक्षा पर की चर्चा

दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने 27 जनवरी 2026 को पीएम श्री शासकीय केशवराम पाण्डे कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमोह में  छात्राओं से परीक्षा पर चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को परीक्षा की तैयारी हेतु अनेक टिप्स एंड ट्रिक्स बताए । कलेक्टर श्री कोचर ने कहा  छात्राएं परीक्षा में उत्तीर्ण होकर अपने माता-पिता और अपनी शाला का नाम रोशन करें, छात्राओं का नाम अखबारों में छपकर आए ऐसी उम्मीद के साथ सभी को समझाईश और उत्सावर्धन किया।

            इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एसके नेमा, प्राचार्य  जे. एस. अहिरवाल सहित समस्त स्टाफ की उपस्थिति रही।

चार्ज 400 केवी टावरों में की गई स्ट्रेंथनिंग ताकि रबी सीजन में बनी रहे निर्बाध विद्युत आपूर्ति एमपी ट्रांसको दमोह टीम का उल्लेखनीय कार्य

दमो : मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की दमोह ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस (टीएलएम) टीम ने 400 केवी कटनी–दमोह एक्स्ट्रा हाई टेंशन ट्रांसमिशन लाइन के टावरों के मजबूतीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस परियोजना के अंतर्गत कई टावरों में चालू (चार्ज) ट्रांसमिशन लाइन पर ही स्ट्रेंथनिंग कार्य किया गया, जिससे रबी सीजन के दौरान किसानों एवं उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकी।

बिना शटडाउन लिए किया गया कार्य

            बिरसिंहपुर थर्मल पावर प्लांट से निरंतर विद्युत निकासी बनाए रखने तथा रबी सीजन में बढ़ी हुई अधिकतम मांग के बीच प्रदेश की आपूर्ति व्यवस्था को स्थिर रखने की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद, दमोह क्षेत्र से गुजरने वाली 400 केवी ट्रांसमिशन लाइन के टावरों का मजबूतीकरण बिना शटडाउन लिए किया गया। इससे न तो विद्युत उत्पादन प्रभावित हुआ और न ही आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा आई। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने एमपी ट्रांसको को इस उल्लेखनीय सफलता के लिए बधाई दी है !

क्यों आवश्यक हुई स्ट्रेंथनिंग एवं रेट्रोफिटिंग

            एमपी ट्रांसको के ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस विभाग के मुख्य अभियंता दीपक कुमार अग्रवाल ने बताया समय के साथ कुछ टावरों की संरचनात्मक मजबूती प्रभावित हुई थी। बदलती मौसमीय परिस्थितियों, तेज हवाओं तथा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तकनीकी ऑडिट कराया गया, जिसके बाद स्ट्रेंथनिंग एवं रेट्रोफिटिंग का निर्णय लिया गया।

दमोह सेक्शन में बिना शटडाउन हुआ अधिकांश कार्य

            इस महत्वपूर्ण ट्रांसमिशन कॉरिडोर पर लगातार अधिक लोड रहने के कारण 267 टावरों पर मजबूतीकरण का कार्य चालू लाइन पर, बिना शटडाउन लिए किया गया। सामान्य परिस्थितियों में ऐसे कार्य लाइन बंद कर किए जाते हैं, लेकिन दमोह क्षेत्र में यह कार्य उच्च तकनीकी दक्षता और कड़े सुरक्षा मानकों के साथ संपन्न किया गया।

इस तरह किया गया टावरों को मजबूत

            हॉटलाइन स्ट्रेंथनिंग के दौरान टावर फाउंडेशन को सुदृढ़ किया गया, कमजोर स्टील मेंबर्स को बदला गया तथा अतिरिक्त ब्रेसींग स्थापित की गई। इससे ट्रांसमिशन नेटवर्क की स्थिरता बनी रही और पीजीसीआईएल के 400 केवी सबस्टेशन दमोह को भी निरंतर एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति मिलती रही।

टीएलएम दमोह टीम का सराहनीय योगदान

            यह अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य एमपी ट्रांसको दमोह के कार्यपालन अभियंता श्री एस. के. मुढा के नेतृत्व में टीएलएम दमोह टीम द्वारा जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में तकनीकी दक्षता, अनुशासन और समर्पण के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जो क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने की दिशा में एक सराहनीय उदाहरण है।

शासकीय सांदीपनि विद्यालय तेंदूखेड़ा में परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम हुआ संपन्न

दमोह : शासकीय सांदीपनि विद्यालय तेंदूखेड़ा में जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग अदिति शांडिल्य ने विद्यार्थियों के साथ परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में भाग लिया । उन्होंने तनाव प्रबंधन पर संवाद करते हुए विद्यार्थियों से परीक्षा के दौरान अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने की सलाह दी।

            उन्होंने कहा परीक्षा के दौरान कई लोग कुछ अफवाहें भी फैलाते हैं, हमें इस दौरान अफवाहों से सतर्क रहना चाहिए। यदि आपकी परीक्षा की तैयारी अच्छी है तो किसी भी तरह का कोई तनाव आपसे दूर रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा पूरी निष्ठा के साथ अपनी तैयारी करें। उन्होंने परीक्षा में अच्छे परीक्षा परिणाम के लिये सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!