वेंटिलेटर पर जिंदगी से जूझ रहा मासूम: स्कूल में बेरहमी से पिटाई के बाद बिगड़ी हालत, मां की न्याय की पुकार

वेंटिलेटर पर जिंदगी से जूझ रहा मासूम: स्कूल में बेरहमी से पिटाई के बाद बिगड़ी हालत, मां की न्याय की पुकार
दमोह। तेंदूखेड़ा क्षेत्र के एक निजी स्कूल में कक्षा तीसरी के छात्र के साथ कथित मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार मारपीट के बाद से बच्चे की हालत बिगड़ती चली गई और वर्तमान में वह भोपाल एम्स में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। मामले में अब तक पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज न किए जाने से परिजनों में आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदूखेड़ा निवासी अनुराधा नामदेव ने पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिए आवेदन में बताया कि उनका 9 वर्षीय पुत्र काव्य नामदेव, IES पब्लिक स्कूल तेंदूखेड़ा में कक्षा तीसरी का छात्र है। आरोप है कि 19 फरवरी 2026 को स्कूल में शिक्षिका देवेंद्री ठाकुर ने कॉपी में सही से न लिख पाने पर बच्चे को बेरहमी से पीटा। बच्चे के हाथों में पांच व पैरों में दो लाठियां मारी गईं।
परिजनों का कहना है कि जब वे 20 फरवरी को स्कूल पहुंचे और इस पर आपत्ति जताई, तो अन्य शिक्षिकाओं मंजूलता खरे, विधा यादव और विजया जैन ने भी मारपीट को सही ठहराते हुए कहा कि “बच्चे पढ़ेंगे नहीं तो मारना पड़ेगा।”
मारपीट के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे बुखार और उल्टियां हुईं, जिसके बाद तेंदूखेड़ा में इलाज कराया गया। हालत गंभीर होने पर 27 फरवरी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर जबलपुर रेफर किया गया। वहां निजी अस्पतालों में इलाज के बाद भी सुधार नहीं हुआ और अंततः 10 मार्च को उसे एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया, जहां वह पिछले कई दिनों से वेंटिलेटर पर है।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से स्कूल प्रबंधन ने बच्चे की कोई सुध नहीं ली। वहीं पुलिस ने भी अस्पताल से रिपोर्ट आने का हवाला देकर एफआईआर दर्ज नहीं की। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी शिक्षिकाओं के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए, स्कूल की मान्यता निरस्त की जाए तथा बच्चे के इलाज का पूरा खर्च स्कूल प्रबंधन से दिलाया जाए।
इस मामले में 13 मार्च को कलेक्टर, डीपीसी और पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन सौंपा गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से परिवार में चिंता और आक्रोश बना हुआ है।




