दमोह में परिचय सम्मेलन के नाम पर ठगी! 11–1100 रुपए वसूले, युवती नहीं दिखाई; जांच में मैरिज ब्यूरो की गतिविधियां संदिग्ध

दमोह में परिचय सम्मेलन के नाम पर ठगी! 11–1100 रुपए वसूले, युवती नहीं दिखाई; जांच में मैरिज ब्यूरो की गतिविधियां संदिग्ध
दमोह शहर के जबलपुर नाका स्थित एक मैरिज गार्डन में आयोजित परिचय सम्मेलन को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। लोगों से 11 से 1100 रुपए तक लेकर लड़कियां नहीं दिखाने के मामले में पुलिस जांच पूरी हो गई है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया ने गुरुवार शाम बताया कि खाटू श्याम मैरिज ब्यूरो के संचालकों राजा खटीक, रीना खटीक सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में कुछ गतिविधियां संदिग्ध पाई गई हैं। तीन दिन पहले आयोजित इस सम्मेलन में दमोह और आसपास के जिलों से करीब 5 हजार लोग पहुंचे थे, जबकि पुलिस को दिए रजिस्टर में सिर्फ 529 नाम दर्ज हैं। कई लोगों ने बिना रसीद पैसे वसूलने का आरोप भी लगाया है। लड़कियां न दिखाए जाने से नाराज लोगों ने दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया था। पुलिस का कहना है कि जांच में गड़बड़ी साबित होने पर आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।




