दमोह में CCTV में दिखा रहस्यमयी वन्य जीव, तेंदुआ नहीं बल्कि जंगली बिल्ली: वन विभाग

- दमोह में CCTV में दिखा रहस्यमयी वन्य जीव, तेंदुआ नहीं बल्कि जंगली बिल्ली: वन विभाग
दमोह: जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र की एक रिहायशी बस्ती में अज्ञात वन्य जीव की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज में एक बिल्ली प्रजाति का जानवर बस्ती में घूमता नजर आया, जिसके बाद ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले इलाके में बंधी चार बकरियों का शिकार हुआ था, जिससे लोग पहले ही चिंतित थे। इसी बीच सामने आए वीडियो ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। सोशल मीडिया पर कई लोग इस जानवर को तेंदुआ बता रहे थे। हालांकि, वन परिक्षेत्र अधिकारी ऋषि तिवारी ने स्पष्ट किया है कि वीडियो में दिखाई दे रहा जानवर तेंदुआ नहीं, बल्कि जंगली बिल्ली है। उन्होंने बताया कि जानवर के चलने के तरीके और आकार के आधार पर इसकी पहचान की गई है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर पदचिन्हों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि पूरी तरह पुष्टि की जा सके। अधिकारी ने बताया कि यदि यह वन्य जीव दोबारा रिहायशी क्षेत्र में नजर आता है, तो उसे पकड़कर सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ा जाएगा। एहतियात के तौर पर वन विभाग ने इलाके में कई जगह पिंजरे लगाए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें, बच्चों और मवेशियों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।




