करंट की चपेट में आए माँ-बेटा, 7 वर्षीय बच्चे की हालत नाजुक
दमोह। शहर के महाकाली चौक क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पानी की मोटर में करंट लगने से माँ और बेटा उसकी चपेट में आ गए। घटना में 7 वर्षीय अनय गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसे बचाने गई उसकी माँ सरस्वती भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि बच्चा खेलते-खेलते पानी की मोटर के पास पहुंच गया और अचानक करंट लगने से चिपक गया। बेटे को बचाने के प्रयास में माँ ने जैसे ही उसे छुड़ाने की कोशिश की, वह भी करंट की चपेट में आ गईं। घटना के बाद परिजन तुरंत दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि माँ की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।




