दमोह कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, डेढ़ लाख की नशे की खेप जब्त

दमोह। पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 10 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में मुखबिर तंत्र को मजबूत करते हुए दिनांक 25 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर जटाशंकर मुक्तिधाम के पास दबिश दी गई, जहां से आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोहिल खान पिता शरीफ खान (उम्र 25 वर्ष), निवासी करके मोहल्ला, दमोह के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 10 ग्राम स्मैक एवं एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली दमोह में अपराध क्रमांक 61/26, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार, सउनि अलजार सिंह, प्रआर अभिषेक चौबे, अजीत दुबे, देवेंद्र रैकवार, महेश यादव, आरक्षक नरेंद्र पटैरिया, ब्रजेंद्र मिश्रा एवं आकाश पाठक की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए अवैध नशे के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।




