
तालगांव में पति ने फांसी लगाकर दी जान, पत्नी बेहोश मिली; गंभीर हालत में जबलपुर रेफर
चार माह पहले हुई थी शादी, बंद दरवाजा खोलकर पुलिस ने महिला को पहुंचाया अस्पताल; घटना के कारणों की जांच जारी
दमोह। जिले के रनेह थाना क्षेत्र के तालगांव में शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं, उसकी पत्नी घर में बेहोशी की हालत में मिली। महिला के गले और सिर पर चोट के निशान बताए गए हैं। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से जबलपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, तालगांव निवासी सुरेश अहिरवार के घर के दरवाजे बंद थे। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर डायल 112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे रनेह थाना प्रभारी नीतेश जैन पुलिस टीम के साथ घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने पर सुरेश फांसी पर लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी अंजू अहिरवार बेहोशी की हालत में पड़ी थी।
पुलिस ने महिला को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल हटा पहुंचाया। बाद में थाना प्रभारी ने निजी एंबुलेंस की व्यवस्था कर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उसे जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर रेफर कर दिया।
चार महीने पहले हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, सुरेश का विवाह करीब चार महीने पहले हटा निवासी अंजू से हुआ था। प्रारंभिक जानकारी में दोनों के बीच बीती रात विवाद होने की बात सामने आई है। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और महिला को चोट कैसे लगी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




