
वर्दी में चौकी प्रभारी की रील वायरल, लिखा- ‘खुद की समस्याएं सुलझ नहीं रही…’, जांच के निर्देश
दमोह। देहात थाना क्षेत् की जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल की वर्दी में बनाई गई एक रील सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। रील में चौकी प्रभारी पुलिस वर्दी पहनकर कुर्सी पर बैठी नजर आ रही हैं। वीडियो पर लिखा है- “खुद की समस्याएं सुलझ नहीं रही और नौकरी दूसरों की समस्या सुलझाने वाली कर लिए।”
रील के वायरल होते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो कब बनाया गया था, लेकिन सोमवार को इसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में इसकी चर्चा शुरू हो गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वर्दी में इस तरह की व्यक्तिगत भावनाओं वाली रील साझा किए जाने को लेकर जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि जबलपुर नाका चौकी प्रभारी की एक रील सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने आचरण और व्यवहार को संयमित रखें। ऐसी कोई रील, फोटो या सोशल मीडिया पोस्ट साझा न करें, जिससे अनुशासनहीनता प्रदर्शित हो। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वर्दी में व्यक्तिगत कार्यक्रम या निजी भावनाओं से जुड़ी रील वायरल होती है, तो वह भी आपत्तिजनक मानी जा सकती है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



