
दमोह रेलवे कॉलोनी में 30-40 लाख की चोरी, 5 दिन बाद भी चोर पुलिस की पकड़ से बाहर
दमोह। सिटी कोतवाली क्षेत्र के मांगंज वार्ड नंबर-5 स्थित रेलवे कॉलोनी में 16 अगस्त को हुई लाखों रुपए की चोरी के मामले में पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। अज्ञात चोर सूने मकान में घुसकर करीब 5.50 लाख रुपए नकद और 10 से 15 तोला सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। परिजनों ने चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 30 से 40 लाख रुपए बताई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी, लेकिन अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं मिल सका है। जानकारी के अनुसार हृदय दत्त चतुर्वेदी (60) पिता स्व. ओंकार चतुर्वेदी निवासी मांगंज वार्ड नंबर-5 किसी काम से पथरिया बाईपास की ओर गए थे। इसी दौरान उनके बेटे अनिकेत चतुर्वेदी का फोन आया कि घर में चोरी हो गई है। इसके बाद परिजन घर पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा मिला और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। परिजनों के अनुसार चोर घर से करीब 5 लाख 50 हजार रुपए नकद, 10 से 15 तोला सोने के जेवर और चांदी के सामान सहित शादी के व्यवहार में मिले आभूषण ले गए। परिवार ने चोरी गए सामान की कीमत करीब 30 से 40 लाख रुपए बताई है।
पुलिस और फिंगरप्रिंट टीम ने की जांच
चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। सीएसपी एचआर पांडे और सिटी कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने पुलिस टीम तथा फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से साक्ष्य जुटाए गए और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पांच दिन बाद भी नहीं मिला सुराग
घटना को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। बड़ी चोरी की इस वारदात के बाद रेलवे कॉलोनी और आसपास के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है।




