
फुटेरा पुलिस ने ट्राली चोरी का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
चोरी गई ट्राली और वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर जब्त, 8.80 लाख रुपए का मशरूका बरामद

फुटेरा कलां/दमोह। बटियागढ़ थाना क्षेत्र की फुटेरा चौकी पुलिस ने खेत से ट्राली चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई ट्राली और वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर बरामद किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 8 लाख 80 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम फुटेरा कलां निवासी दामोदर लोधी (55) ने 7 अक्टूबर 2026 को चौकी फुटेरा में खेत से ट्राली चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर बटियागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 304/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन में एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी तथा थाना प्रभारी बटियागढ़ रजनी शुक्ला के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी आनंद कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई ट्राली, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए, और वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपए है, बरामद किया।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बाबा उर्फ सुंदरलाल यादव निवासी फुटेरा, दिनेश पटेल निवासी सागोनी और तानू भील निवासी शहपुरा माल, थाना रजपुरा, जिला दमोह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में फुटेरा चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक आनंद कुमार, प्रधान आरक्षक फिरदौस और आरक्षक राज राजपूत की भूमिका रही।




