नैनागिरि जैन तीर्थ में फिर चोरी: समवशरण जिनालय का दानपात्र तोड़कर 25 हजार रुपए ले गए बदमाश

नैनागिरि जैन तीर्थ में फिर चोरी: समवशरण जिनालय का दानपात्र तोड़कर 25 हजार रुपए ले गए बदमाश
खिड़की काटकर मंदिर में घुसे चोर; डॉग स्क्वायड और पुलिस ने शुरू की जांच, पहले भी कई बार हो चुकी हैं वारदातें
बकस्वाहा (दमोह)। जिले के प्रसिद्ध नैनागिरि जैन तीर्थ में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। 6-7 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश भगवान महावीर स्वामी सरोवर स्थित समवशरण जिनालय में खिड़की काटकर घुस गए। बदमाशों ने मंदिर में रखे दानपात्र (गुप्त भंडार) के ताले तोड़कर करीब 25 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह मंदिर कर्मचारियों को चोरी का पता चला। इसके बाद तीर्थ क्षेत्र के प्रबंधक, सहायक प्रबंधक और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में बड़ामलहरा एसडीओपी रोहित अलावा सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए।
पहले भी कई बार बन चुका है निशाना
नैनागिरि जैन तीर्थ पहले भी कई बार चोरी की घटनाओं का शिकार हो चुका है। वर्ष 2012, 2016, 2021, 2022, 2023 और 5 जुलाई 2025 को भी दानपात्रों और मंदिरों को निशाना बनाया गया था। नवंबर 2022 में हुई बड़ी चोरी में कई मंदिरों के ताले तोड़कर लाखों रुपए की नकदी के साथ चांदी के 21 छत्र और अन्य धार्मिक सामग्री चोरी कर ली गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से जैन समाज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।
सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम
ट्रस्ट कमेटी के मंत्री राजेश जैन रागी ने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए समाज और आमजन का सहयोग जरूरी है। उन्होंने घोषणा की कि वारदात के आरोपियों की पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को ट्रस्ट की ओर से नकद पुरस्कार दिया जाएगा तथा उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस का कहना
बकस्वाहा थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि समवशरण मंदिर के गुप्त दानपात्र से करीब 25 हजार रुपए चोरी होने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।




