दमोह
Trending

दमोह दिनभर की बड़ी खबरें 10 अक्टूबर 2026  एमपी डेली लाइव न्यूज़

दमोह दिनभर की बड़ी खबरें
10 अक्टूबर 2026  एमपी डेली लाइव न्यूज़


1. अभाना में बस की टक्कर से दो छात्राओं की मौत, तीसरी घायल
दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर अभाना के समीप स्कूल जा रही तीन छात्राओं को यात्री बस ने टक्कर मार दी। हादसे में कक्षा आठवीं की छात्राएं दशोदा पटेल और आरुषि ठाकुर की मौत हो गई, जबकि नित्या सेन घायल हुई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
2. दमयंती नगर तहसील में कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई
राजस्व प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने एसडीएम सौरभ गंधर्व को पद से हटाया। तहसीलदार रॉबिन जैन और लिपिक प्रियांक कोरी को निलंबित किया गया। फिलहाल नायब तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी को तहसील का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
3. जटाशंकर बाईपास पर बाइक सवार युवक गंभीर घायल
दमोह के जटाशंकर बाईपास पर मंत्री लखन पटेल के बंगले के सामने ऑटो की टक्कर से 24 वर्षीय नरेश यादव की गर्दन में गंभीर चोट आई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ऑटो को जब्त कर लिया है।
4. कांग्रेस के पुतला दहन मामले में 10 से 15 अज्ञात लोगों पर FIR
हटा के बड़ा बाजार तिराहे पर कांग्रेस के पुतला दहन प्रदर्शन के दौरान थाना प्रभारी सुधीर बेगी के दोनों हाथ झुलस गए थे। थाना प्रभारी की शिकायत पर पुलिस ने 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
5. दमोह-कटनी मार्ग पर चलती स्कॉर्पियो में लगी आग
कुम्हारी थाना क्षेत्र में टेढ़ा नाला के पास भोपाल से झारखंड जा रही स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। वाहन में पांच लोग सवार थे, जिन्होंने आग की लपटें उठते ही बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वाहन सवारों को वापस भोपाल भेजने की व्यवस्था की गई।
6. गांधीग्राम रमपुरा में बच्चों को योग सिखा रहे सत्यम अहिरवार
अभाना के गांधीग्राम रमपुरा में सत्यम अहिरवार ग्रामीण और स्कूली बच्चों को नदी किनारे नियमित योगाभ्यास करा रहे हैं। इस पहल के जरिए बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है।
  7. दमोह तहसील में अनियमितताओं पर कार्रवाई, एसडीएम हटाए और तहसीलदार निलंबित
दमोह। राजस्व न्यायालयों में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सख्त कार्रवाई की है। तहसीलदार रॉबिन जैन को संभागायुक्त सागर द्वारा निलंबित किया गया, जबकि एसडीएम सौरभ गंधर्व को पद से हटाकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी का प्रभार सौंपा गया है। डिप्टी कलेक्टर संजय दुबे को एसडीएम दमोह की जिम्मेदारी दी गई है। जांच में अधिकारिता के बिना आदेश पारित करने, सुनवाई का अवसर दिए बिना आवेदन निरस्त करने और जुर्माना जमा कराए बिना प्रकरण नस्तीबद्ध करने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। संबंधित रीडर को भी निलंबित किया गया है, जबकि सात अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
8. नोहटा में राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी की जनसुनवाई, 69 आवेदन मिले
दमोह। जबेरा विधानसभा क्षेत्र के नोहटा स्थित निज कार्यालय में राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने शनिवार को जनसुनवाई की। इस दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याओं और शिकायतों से संबंधित 69 आवेदन प्राप्त हुए। मंत्री ने मौके पर निराकरण योग्य समस्याओं का समाधान कराया और शेष आवेदनों पर कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना रहा।
9. मजरा-टोला सड़क योजना: दमोह ग्रामीण की 12 सड़कों के टेंडर जारी
दमोह। मुख्यमंत्री मजरा-टोला सड़क योजना के तहत दमोह ग्रामीण क्षेत्र की 19 प्रस्तावित सड़कों में से 12 के निर्माण के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। शेष सात सड़कों को अगले चरण में शामिल किया जाएगा। विधायक जयंत मलैया के अनुसार, योजना से ग्रामीण क्षेत्रों के मजरा-टोलों तक सड़क संपर्क बेहतर होगा और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
10. घायल छात्रा नित्या से मिले कलेक्टर, इलाज में मदद का भरोसा
दमोह। अभाना में बस दुर्घटना में दो छात्राओं की मौत के बाद कलेक्टर प्रताप नारायण यादव जिला अस्पताल पहुंचे और घायल छात्रा नित्या सेन से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए और परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। घायल छात्रा के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 10 हजार रुपये का चेक सौंपा गया। कलेक्टर ने कहा कि दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
11. अभाना बस हादसा: मृतक छात्राओं के परिजनों को 4 लाख रुपये, घायल को 50 हजार की सहायता का प्रस्ताव
दमोह। अभाना में बस दुर्घटना में दो छात्राओं की मौत और एक छात्रा के घायल होने के मामले में कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से कुल 4.50 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत करने के लिए पत्र भेजा है। प्रस्ताव के अनुसार, मृतक दशोदा पटेल और आरुषि लोधी के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायल नित्या सेन को 50 हजार रुपये की सहायता दी जानी है। कलेक्टर ने आरटीओ को बस जब्त कर कार्रवाई करने और दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं।
12. धान पंजीयन की तारीख बढ़ाने कलेक्टर ने लिखा पत्र
दमोह। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए किसान पंजीयन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित थी। तकनीकी समस्याओं के कारण कुछ किसानों का पंजीयन शेष रहने की शिकायतों के बाद कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण आयुक्त को पत्र लिखकर पंजीयन अवधि बढ़ाने का आग्रह किया है, ताकि शेष किसान भी पंजीयन करा सकें।
13. नोहटा स्कूल में 74.95 लाख से बनेंगे पांच अतिरिक्त कक्ष
दमोह। जबेरा विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नोहटा में 74.95 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पांच अतिरिक्त कक्षों का राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि नए कक्ष बनने से विद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिलेगा। विद्यालय में प्रयोगशाला कक्ष का निर्माण कार्य भी प्रगतिरत है।
14. दमोह में 437 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच
दमोह। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले में आयोजित विशेष स्वास्थ्य जांच शिविरों में 437 गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। शिविरों में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर आवश्यक उपचार, परामर्श और रेफरल की सुविधा दी गई। छह महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी के लिए ई-वाउचर भी उपलब्ध कराए गए। स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं से नियमित प्रसवपूर्व जांच कराने की अपील की।
15. सत्यम गौतम का तत्काल बना मृत्यु प्रमाण पत्र, कलेक्टर ने दिए निर्देश
दमोह। ग्राम अगारा, बटियागढ़ निवासी गिरीश गौतम और उनकी पत्नी मीना गौतम ने बेटे सत्यम की मृत्यु के बाद प्रमाण पत्र नहीं मिलने की समस्या कलेक्टर प्रताप नारायण यादव को बताई। कलेक्टर ने तत्काल सिविल सर्जन और संबंधित तहसीलदार को निर्देश दिए। इसके बाद जिला अस्पताल ने मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया। कलेक्टर ने अधिकारियों-कर्मचारियों से आमजन की समस्याओं का मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर शीघ्र निराकरण करने को कहा।
16. सदगुवां जैन मंदिर में 108 कलशों से महामस्तकाभिषेक
दमोह। शनि अमावस्या के अवसर पर सागर नाका स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन सदगुवां मंदिर में श्री मुनिसुव्रतनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। परम पूज्य मुनि श्री श्रुतेश सागर जी और मुनि श्री सुश्रुत सागर जी के सानिध्य में 108 कलशों से अभिषेक किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मुनिश्री ने मंदिरों में नियमित पूजन-अभिषेक करने और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!