विवादों में घिरी रही देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा पर सर्द-गर्म मौसम में बिन बादल गिरी गाज
एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी की सख्ती, देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा रक्षित केंद्र भेजी गईं


दमोह – जिले के पुलिस महकमे में देर शाम जारी स्थानांतरण सूची ने हलचल मचा दी। पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी द्वारा जारी आदेश में सबसे प्रमुख नाम दमोह देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा का रहा, जिन्हें तत्काल प्रभाव से देहात थाने से हटाकर रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) दमोह भेज दिया गया है।
हालांकि स्थानांतरण प्रक्रिया को प्रशासनिक दृष्टि से सामान्य बताया जा रहा है, लेकिन थाना प्रभारी को सीधे रक्षित केंद्र भेजे जाने को पुलिस विभाग में आमतौर पर “लाइन अटैच” या अनुशासनात्मक कार्रवाई के रूप में देखा जाता है। इसी कारण इस आदेश को विशेष महत्व दिया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में चोरी के एक मामले में पकड़ा गया आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। यह घटना न केवल विभागीय लापरवाही का संकेत मानी गई, बल्कि इससे पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए।
जिले में बढ़ते अपराधों को लेकर पहले ही पुलिस की कार्यशैली पर विपक्ष और आमजन सवाल उठा रहे थे। ऐसे में अभिरक्षा से आरोपी का फरार होना वरिष्ठ अधिकारियों की साख पर सीधा आघात माना गया।
इसके अतिरिक्त दीपावली के दौरान पटाखा व्यापारियों के साथ हुए विवाद और आरोप-प्रत्यारोप भी चर्चा में रहे, जिससे थाना प्रबंधन पर सवाल उठे थे।
एसपी की यह कार्रवाई विभागीय अनुशासन और जवाबदेही को लेकर स्पष्ट संदेश है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों की अपने अधीनस्थों पर पकड़ और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया माना जा रहा है। देहात थाने की कमान का.वा. निरीक्षक अमित गौतम को सौंपी गई है।




