नोहटा थाना क्षेत्र में 5 वर्षीय मासूम की हत्या, आरोपी की तलाश जारी

नोहटा थाना क्षेत्र में 5 वर्षीय मासूम की हत्या, आरोपी की तलाश जारी
दमोह जिले के कुलुआ पटी गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 5 वर्षीय मासूम देवेंद्र की हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय बच्चे के परिजन खेत पर गए हुए थे। देवेंद्र घर के बाहर खेल रहा था, तभी सतीष आदिवासी नामक युवक ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद परिजन बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। वहीं एसडीओपी तेंदूखेड़ा अर्चना अहीर, थाना प्रभारी अभिषेक पटेल, चौकी प्रभारी मनीष यादव सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचकर आरोपी की तलाश में जुट गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के बांदकपुर क्षेत्र में देखे जाने की सूचना पर चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा सहित पुलिस टीम वहां भी सघन तलाशी अभियान चला रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।




