
दमोह में 14 किलो से अधिक गांजा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
सागरनाका चौकी पुलिस की कार्रवाई, जब्त गांजे की कीमत 2.87 लाख रुपए

दमोह। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दमोह देहात थाना पुलिस ने 14 किलो 378 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख 87 हजार 600 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को सागरनाका पुलिस चौकी को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने सरदार वल्लभभाई पटेल न्यू ओवरब्रिज के पास कार्रवाई करते हुए राजेश जैन (41), निवासी वार्ड क्रमांक 4, घांघरी मार्ग, नोहटा को पकड़ा। उसके पास से 14 किलो 378 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और दमोह देहात थाने में अपराध क्रमांक 723/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस अब जब्त गांजे के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
इनकी रही भूमिका: कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र उपाध्याय, उप निरीक्षक विक्रम दांगी, सहायक उप निरीक्षक जागेश्वर साहू सहित पुलिसकर्मी नीरज श्रीवास्तव, रामकुमार, अरविंद, गोपाल सिंह और सोहिल खान शामिल रहे।




