
जबलपुर हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार लोग घायल, एक की हालत गंभीर
दमोह। जबेरा–दमोह–जबलपुर स्टेट हाईवे पर जबेरा बायपास के पास शुक्रवार दोपहर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रकों में सवार चालक और परिचालक केबिन में फंस गए, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
सूचना मिलते ही जबेरा थाना पुलिस थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान के निर्देशन में मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से दोनों ट्रकों को अलग-अलग किया गया। करीब एक घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक MP 19 HA 5005 नोहटा से शहपुरा की ओर खाली जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक क्रमांक RJ 11 GB 8855 उड़ीसा से हरियाणा चना लेकर जा रहा था। जबेरा बायपास पर पहुंचते ही दोनों ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक ट्रक में फंसे प्रशांत केवट (निवासी दसोरा, जिला सतना, थाना रामपुर बघेलान) और नागेंद्र केवट (निवासी जिला सतना) घायल हुए। वहीं दूसरे ट्रक में सवार बंटी गुर्जर (निवासी भुरेग, थाना सराह, जिला मुरैना) और प्रमोद गुर्जर (निवासी मुरैना) घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी जबेरा में पदस्थ डॉक्टर अभिषेक मोदी ने प्राथमिक उपचार दिया, जहां एक चालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर रेफर किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और 112 पर सूचना दी। रेस्क्यू में प्रधान आरक्षक देवेंद्र रैकवार, आरक्षक राहुल शर्मा और पायलट नीलेश पटेल ने अहम भूमिका निभाई।
मौके पर पहुंचे भाजपा नेता रूपेश सेन ने बताया कि एक सप्ताह में यह तीसरा बड़ा हादसा है। बायपास पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। यदि जल्द ही स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए गए तो स्थानीय लोग आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।




