
दमोह: जबलपुर में अवैध हथियारों के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच और थाना माढ़ोताल पुलिस जबलपुर ने संयुक्त कार्रवाई में दमोह जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 50 नग चायना चाकू और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पारस जैन (33) पिता मनोज जैन, मूल निवासी संग्रामपुर (जिला दमोह) हाल निवासी मदर टेरेसा नगर माढ़ोताल (जबलपुर) के रूप में हुई है। आरोपी अवैध रूप से चाकुओं की बिक्री की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि 16 अप्रैल की रात क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि माढ़ोताल क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने घर में बड़ी मात्रा में चायना चाकू रखकर बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को उसके घर से पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस को पलंग के नीचे रखे एक बैग में 50 चायना चाकू मिले। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इन चाकुओं को 200 रुपये प्रति नग के हिसाब से बेचने वाला था। यह माल उसे उसके रिश्तेदार अभिषेक गुप्ता (निवासी गिरिडीह, झारखंड) द्वारा सप्लाई किया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और थाना माढ़ोताल जबलपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




