बस हादसे के बाद प्रशासन सख्त: शराब पीकर बस चलाने वाले 4 चालक पकड़े, 6 बसें जब्त, आनंद कलादगी के निर्देशन में जिलेभर में यात्री बसों की सघन जांच शुरू
बस हादसे के बाद प्रशासन सख्त: शराब पीकर बस चलाने वाले 4 चालक पकड़े, 6 बसें जब्त, आनंद कलादगी के निर्देशन में जिलेभर में यात्री बसों की सघन जांच शुरू
दमोह। नोहटा थाना क्षेत्र में हाल ही में हुए बस हादसे में 13 यात्रियों के घायल होने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। नवागत पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन में जिलेभर में यात्री बसों की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को यातायात विभाग और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। शाम के समय बस स्टैंड परिसर एवं किल्लाई नाका चौराहे पर बस चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। जांच के दौरान कुछ चालक शराब के नशे में बस चलाते पाए गए, जिन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए बसों को जब्त किया गया।
यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक दलवीर सिंह मार्को ने यातायात स्टाफ के साथ यात्री बसों के दस्तावेजों और चालकों की जांच की। कार्रवाई के दौरान कुल 6 बसें जब्त की गईं। इनमें से 4 बस चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए, जबकि 2 बसों के पास वैध दस्तावेज नहीं मिले। शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भेजा जाएगा। अभियान के दौरान मौके पर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 बस चालकों से 34 हजार रुपए का प्रशमन शुल्क भी वसूला गया। थाना कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार एवं प्रधान आरक्षक के नेतृत्व में पुलिस ने बस चालकों से रूट, गंतव्य और संचालन संबंधी जानकारी भी ली तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की सख्त हिदायत दी। लगातार कार्रवाई से बस चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।




