
करनी सेना परिवार संगठन के दमोह अध्यक्ष नितिन सिंह तोमर सहित दो पर एफआईआर
पुरानी रंजिश में रास्ता रोककर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला
दमोह। देहात थाना क्षेत्र की सागर नाका चौकी अंर्तगत शहर में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने करणी सेना परिवार संगठन के दमोह अध्यक्ष नितिन सिंह तोमर और अमन राजपूत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, फरियादी मधुवन होम्स ई-9 कॉलोनी दमोह निवासी हैं और खेती-किसानी का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे देवी दर्शन कर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान डॉक्टर मनीष पटेल के पीछे पहुंचने पर नितिन सिंह तोमर ने अपनी लाल रंग की स्विफ्ट कार उनकी कार के आगे लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद नितिन सिंह तोमर और अमन राजपूत कार से उतरकर पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर नितिन ने फरियादी के बाएं कान पर थप्पड़ मारा और बाएं हाथ को मोड़ दिया, जिससे उन्हें चोट आई और हाथ में दर्द होने लगा। शिकायत के मुताबिक, घटना के दौरान शोर सुनकर रणवीर सिंह हजारी और अमजद खान मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय दोनों ने रिपोर्ट करने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और जांच की स्थिति की जानकारी सामने आना बाकी है।




