जनसुनवाई बनी वृद्धा के लिए वरदान, 8 माह से बंद पेंशन फिर हुई शुरू

जनसुनवाई बनी वृद्धा के लिए वरदान, 8 माह से बंद पेंशन फिर हुई शुरू
दमोह। जिले में शुरू किए गए “सेवा एवं आशीर्वाद अभियान” के तहत कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने एक वृद्ध महिला को उसका अधिकार दिलाते हुए संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश की। सिविल वार्ड निवासी फूलबाई की 8 माह से बंद वृद्धावस्था पेंशन को दोबारा शुरू कराया गया और लंबित राशि 4,800 रुपये उनके खाते में ट्रांसफर कराई गई। जानकारी के अनुसार, फूलबाई ने पिछले सप्ताह जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर को अपनी परेशानी बताते हुए कहा था कि उन्हें पिछले 8 माह से पेंशन नहीं मिल रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि समग्र e-KYC नहीं होने के कारण अगस्त 2025 से महिला की पेंशन शासन स्तर से रोक दी गई थी। फूलबाई के पास मोबाइल नहीं था और आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने के कारण e-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी। इसके बाद कलेक्टर ने स्वयं पहल करते हुए कलेक्ट्रेट स्थित आधार सुविधा केंद्र में महिला के बायोमेट्रिक अपडेट कराकर समग्र e-KYC पूर्ण कराई और पेंशन दोबारा शुरू करवाई।
शुक्रवार को कलेक्टर प्रताप नारायण यादव स्वयं फूलबाई के घर पहुंचे और उन्हें पेंशन स्वीकृति पत्र सौंपा। खाते में 4,800 रुपये की राशि ट्रांसफर होते ही फूलबाई भावुक हो गईं और उन्होंने कलेक्टर पर अपना स्नेह व आशीर्वाद बरसाया। यह दृश्य देखकर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। इस दौरान कलेक्टर ने वार्ड के अन्य लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं पार्षद को निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि जिले में “सेवा एवं आशीर्वाद अभियान” के तहत ऐसे 1600 से अधिक वृद्धजनों के प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।




