कलेक्टर प्रताप नारायण यादव का एक्शन मोड: अस्पताल का निरीक्षण, बुजुर्गों की रुकी पेंशन भी कराई शुरू

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव का एक्शन मोड: अस्पताल का निरीक्षण, बुजुर्गों की रुकी पेंशन भी कराई शुरू
दमोह। जिला कलेक्टर प्रताप नारायण यादव लगातार जनहित और व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। शनिवार को उन्होंने जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, वहीं इससे पहले वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों की समस्याएं सुनते हुए रुकी हुई पेंशन की समस्या का समाधान भी कराया। जिला चिकित्सालय निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री यादव ने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से सीधे चर्चा कर उपचार, दवाइयों की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से पूछा कि उन्हें समय पर दवाइयां मिल रही हैं या नहीं तथा इलाज में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है। मरीजों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें समय पर दवाइयां और आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं। कलेक्टर ने वार्डों में कूलर, पंखे सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जांच की तथा सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटैल को व्यवस्थाओं में सुधार के प्रयासों के लिए धन्यवाद देते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों के वेतन संबंधी मुद्दे पर बताया कि शासन से राशि प्राप्त हो चुकी है और प्रक्रिया पूरी होते ही भुगतान कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही कलेक्टर श्री यादव ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने उन तीन बुजुर्गों को पेंशन स्वीकृति पत्र भी सौंपे, जिनकी पेंशन तकनीकी कारणों से लंबे समय से बंद थी। कलेक्टर ने संबंधित विभागों से जानकारी लेकर प्रकरणों का निराकरण कराया, जिसके बाद पेंशन दोबारा शुरू हो सकी। पेंशन स्वीकृति की जानकारी मिलने पर बुजुर्गों ने खुशी जाहिर करते हुए कलेक्टर को आशीर्वाद दिया।




