
ट्रैक्टर सवार किसान से ढाई लाख रुपए की लूट,सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए बाइक सवार आरोपी
दमोह। कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक किसान के साथ लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। राय चौराहे से पलंदी चौराहे के बीच अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने ट्रैक्टर का पीछा कर पैसों से भरा बैग छीन लिया। घटना रात करीब 9:07 से 9:46 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महन्तपुर निवासी भूपेंद्र पटैल ने बताया कि उनके चचेरे भाई ने मसूर बेचकर नगदी लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा किया और मौके पाकर ट्रैक्टर से पैसों का थैला छीनकर फरार हो गए। लूटी गई कुल रकम करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है, जिसमें 1 लाख 8 हजार रुपए भूपेंद्र के और करीब एक लाख पचास हजार रुपए उनके चचेरे भाई के थे। घटना राय चौराहे के पास पलंदी मार्ग स्थित एक दुकान के सामने हुई। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें किसान दुकान पर सामान खरीदते नजर आ रहे हैं और उसी दौरान बाइक सवार आरोपी मौके की रेकी करते दिख रहे हैं। फुटेज में एक बाइक पर दो युवक दिखाई दे रहे हैं, जिनमें चालक हेलमेट पहने हुए है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे निजी व सरकारी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इस क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले मां छोटी देवी मंदिर में भी चोरी की वारदात सामने आई थी। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है।




