तेंदूखेड़ा में नाली में जा घुसा डायल 112 का वाहन, पायलट और सैनिक पर शराब पीने के लगे आरोप
तेंदूखेड़ा में नाली में जा घुसा डायल 112 का वाहन, पायलट और सैनिक पर शराब पीने के लगे आरोप
दमोह के तेंदूखेड़ा में शनिवार सुबह आठ बजे डायल 112 वाहन सड़क छोड़ नाली में घुस गया। गनीमत रही उसमें मौजूद कर्मचारियों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई, लेकिन शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप जरूर उन पर लगे हैं। जिसके बाद अधिकारियों ने जांच की बात कही है।
गौशाला मार्ग डायल 112 वाहन सड़क छोड़कर नाली में घुसा था। पालयट संदीप अहिरवार ने कहा कि क्रासिंग के दौरान यह घटना हुई है। वाहन का एक हिस्सा नाली में फंस गया जिसे बाहर निकालना मुश्किल था।
वहां से गुजरने वाले कांवड़ियों और निवास करने वाले लोगों ने बताया कार तेज रफ्तार में थी और अचानक एक कार को बचाने के दौरान सड़क छोड़कर नाली में जा घुसी। यदि नाली के किनारे दीवार नहीं होती तो कार पलट जाती। लोगों ने चालक से पूछा तो उसने लड़खड़ाते हुए जानकारी दी।
शराब के नशे में थे चूर
डायल 112 में पायलट संदीप अहिरवार, नगर सैनिक पूरन सिंह और आरक्षक कुंवर सिंह शामिल थे। साथ ही अन्य एक व्यक्ति मौजूद था। इस दौरान पायलट संदीप अहिरवार और सैनिक पूरन सिंह व अन्य एक व्यक्ति शराब के नशे में चूर थे। जिनसे अच्छे से चलते भी नहीं बन रहा था। लोगों का कहना है कि डायल 112 के लोग ही शराब पीकर गाड़ी चलाएंगे तो लोगों की समय पर सहायता कैसे उपलब्ध हो सकेगी।
अगर नाली के पास दीवार नहीं होती तो कार पलट जाती और लोग घायल हो जाते लोगों ने ऐसे पुलिसकर्मी और पायलट पर कार्रवाई करने के लिए कहा है
नाली में फंसे वाहन को बाहर निकालने काफी प्रयास किया गया, लेकिन वह बाहर नहीं निकल सका।
इसी मार्ग से दर्जनों कांवड़िया निकले थे जिन्होंने डायल 112 को निकालने में मदद की थी। कांवड़ यात्री रात्रि में गौशाला में रुकें हुए थे। उन्होंने इस घटना के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
इस संबंध में तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर ने कहा डायल 112 के कर्मचारी यदि शराब पीकर ड्यूटी करते हैं तो मामले में जांच कराई जाएगी। प्रतिदिन रात में इनकी चेकिंग भी की जाएगी।



