दमोह स्टेशन पर डॉक्टर ने मृत घोषित किया, पति बोला- विश्वास नहीं, प्रयागराज में कराऊंगा इलाज

दमोह। मुंबई से प्रयागराज जा रही कामायनी एक्सप्रेस में रविवार दोपहर एक 34 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ट्रेन के दमोह रेलवे स्टेशन पहुंचने पर महिला के पति ने उसके अचेत होने की सूचना दी। रेलवे डॉक्टर ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। हालांकि पति ने पत्नी की मौत मानने से इनकार कर दिया और शव को अपने साथ प्रयागराज ले जाने की इच्छा जताई। जीआरपी ने पति से लिखित आवेदन लेने के बाद शव को उसके साथ ट्रेन से प्रयागराज रवाना कर दिया।
जीआरपी चौकी प्रभारी शेख जुम्मन के अनुसार, महिला की पहचान वंदना पत्नी शिव प्रकाश बौद्ध (34), निवासी गोपालपुर, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ मुंबई के कल्याण से प्रयागराज जा रही थी। रविवार करीब 11:30 बजे कामायनी एक्सप्रेस दमोह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची। ट्रेन की बी-4 बोगी में सफर कर रहे शिव प्रकाश ने पत्नी के अचेत होने की सूचना दी।
सूचना पर रेलवे डॉक्टर को मौके पर बुलाया गया। डॉक्टर ने महिला की जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पति ने कहा कि उसे विश्वास नहीं है कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। वह उसे प्रयागराज ले जाकर डॉक्टर से इलाज कराना चाहता है और वहां डॉक्टर द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद ही वह मौत की बात मानेगा।
जीआरपी ने पति से लिखित आवेदन लिया और इसके बाद कामायनी एक्सप्रेस को कटनी की ओर रवाना किया गया। इस घटनाक्रम के चलते ट्रेन करीब आधे घंटे तक दमोह रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।




