
जनसुनवाई में CM हेल्पलाइन के फर्जी निराकरण की शिकायत, जांच की मांग
दमोह। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में मांगज वार्ड क्रमांक-3 निवासी अजय यादव ने CM हेल्पलाइन 181 की शिकायत के कथित फर्जी निराकरण को लेकर आवेदन दिया। उन्होंने शिकायत क्रमांक 39971135 दिनांक 13 अगस्त 2026 सहित एक अन्य शिकायत 31983072 के निराकरण की जांच कराने और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
आवेदन में यादव ने बताया कि उन्होंने स्टेशन रोड स्थित सार्वजनिक अनाथ आश्रम की शासकीय भूमि खसरा नंबर 455, 456, शीट नंबर 40, प्लाट नंबर 231 (पूर्व खसरा 231) पर कथित अतिक्रमण कर दुकानें बनाए जाने और किराए पर संचालित किए जाने की शिकायत CM हेल्पलाइन में की थी। उनका आरोप है कि नगर पालिका के सर्वेयर शाखा प्रभारी की ओर से प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर शिकायत का निराकरण कर दिया गया।
दुकानें अब भी संचालित होने का आरोप
अजय यादव का आरोप है कि CM हेल्पलाइन में दर्ज निराकरण में अतिक्रमण हटाए जाने की बात कही गई है, जबकि मौके पर आज भी दुकानें संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास वर्तमान स्थिति के फोटो और वीडियो भी उपलब्ध हैं। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया कि शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाकर कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई।
यादव ने फोटोकॉपी पंचनामा के आधार पर अतिक्रमण हटाए जाने के दावे पर भी सवाल उठाते हुए मूल पंचनामा, वीडियोग्राफी और बेदखली की कार्रवाई के दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही शिकायत को कथित तौर पर ‘मांग’ में परिवर्तित कर बंद किए जाने की जांच की मांग की।
संयुक्त टीम से सीमांकन और वीडियोग्राफी की मांग
आवेदन में कलेक्टर से शिकायत का निराकरण निरस्त कर उसे पुनः खोलने, SDM, तहसीलदार, CMO और नजूल अधिकारी की संयुक्त टीम से मौके का सीमांकन एवं वीडियोग्राफी सहित पंचनामा कराने की मांग की गई है। इसके अलावा संबंधित सर्वेयर शाखा प्रभारी तथा शिकायत के निराकरण को आगे बढ़ाने वाले अधिकारियों की भूमिका की विभागीय जांच कराने की मांग भी की गई है।
यादव ने जांच पूरी होने तक संबंधित भूमि पर किसी भी प्रकार के निर्माण एवं रजिस्ट्री पर रोक लगाने का अनुरोध किया है। आवेदन के साथ CM हेल्पलाइन शिकायत का प्रिंट, नगर पालिका का नोटिस क्रमांक 882 दिनांक 25 फरवरी 2025 तथा मौके के वर्तमान फोटो संलग्न किए गए हैं।



