बड़ी देवी मंदिर के पास सांड ने महिला पर किया हमला, गंभीर हालत में जबलपुर रेफर

बड़ी देवी मंदिर के पास सांड ने महिला पर किया हमला, गंभीर हालत में जबलपुर रेफर
सिर में गंभीर चोट, मुंह से बहा खून; दो दिन पहले कछियाना मोहल्ले में भी सांड ने बाइक सवार को किया था घायल
दमोह। शहर में आवारा मवेशियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार रात बड़ी देवी मंदिर दर्शन करने जा रही 61 वर्षीय महिला पर मंदिर के गेट के पास आवारा सांड ने सींग से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घायल महिला की पहचान सेमरपटी गांव निवासी हीराबाई, पति टीकाराम पटेल के रूप में हुई है। विश्व हिंदू परिषद की जिला अध्यक्ष अंजू खत्री ने बताया कि वह सोमवार रात अपने परिवार के साथ बड़ी देवी मंदिर जा रही थीं। इसी दौरान मंदिर के पास सांड ने महिला पर हमला कर दिया। उन्होंने अपनी कार रोकी और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया।
महिला के साथ मौजूद परिजनों ने बताया कि वे मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। गेट के पास अचानक सांड ने उनकी बुआ पर हमला कर दिया, जिससे उनके मुंह से काफी खून निकलने लगा। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में महिला का उपचार करने वाले डॉक्टर चक्रेश चौधरी ने बताया कि महिला को गंभीर हालत में लाया गया था। उनके सिर में गंभीर चोट थी और काफी खून बह चुका था। वह बेहोशी की हालत में थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर रेफर किया गया।
दो दिन में सांड के हमले की दूसरी घटना
शहर में आवारा मवेशियों के हमले की यह दूसरी घटना है। दो दिन पहले कछियाना मोहल्ले में देवी पंडाल के पास एक बाइक सवार युवक पर भी सामने से आ रहे सांड ने हमला कर दिया था, जिसमें वह घायल हो गया था। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ रही है।
गौशाला अभियान के बावजूद सड़क पर मवेशी
कलेक्टर के निर्देश पर जिले में सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाकर गौशालाओं तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद शहर में आवारा मवेशियों की मौजूदगी लोगों के लिए खतरा बनी हुई है। लगातार हो रही घटनाओं के बीच नगर पालिका की मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों को उम्मीद है कि जिम्मेदार विभाग गंभीरता से कार्रवाई करेंगे, ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।




